नौडीहा बाजार : बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज 4 भाईयों ने बहनोईयों के साथ मिलकर कर दी थी अपने बहन की हत्या

नौडीहा बाजार : बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज 4 भाईयों ने बहनोईयों के साथ मिलकर कर दी थी अपने बहन की हत्या

पलामू : नाबालिग बहन के प्रेम प्रसंग से नाराज भाईयों ने अपने दोनों बहनोई के साथ मिलकर बहन की हत्या कर दी । यह मामला पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के खडार टोला का है । पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी के एक भाई और जीजा को गिरफ्तार कर लिया है। तीन आरोपी फरार हैं। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

एसपी रिष्मा रमेशन ने गुरूवार को अपने कार्यालय में जानकारी दी कि नाबालिग बहन अपने प्रेमी से मिलने गयी थी । इसी बात पर परिजन नाराज हो गये। उनकी नाराजगी इतनी बढ़ गयी कि चारों भाइयों ने मिलकर अपनी ही बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। इस हत्याकांड को अंजाम देने में बहनोई भी शामिल रहा। घटना के बाद लड़की के परिजनों ने प्रेमी के खिलाफ एफआईआर भी करवा दी। हालांकि जांच में प्रेमी निर्दोष साबित हुआ। आरोपी चार में एक भाई एवं एक बहनोई को गिरफ्तार किया गया। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।

पांच जनवरी को नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के खडार गांव के उपरलिटांड़ से एक नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ था। इसको लेकर लड़की के परिजनों ने उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई थी। परिजनों ने बताया था कि 3 जनवरी की रात उनकी लड़की अपने प्रेमी के साथ गयी थी, उसके बाद वो वापस नहीं लौटी है और 5 तारीख को उसका शव बरामद हुआ। परिजनों ने प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया था और नामजद एफआईआर दर्ज करवाई थी।

पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि प्रेमी ने लड़की को उसके घर सकुशल पहुंचा दिया था। तकनीकी साक्ष्य के आधार पर भी इसकी पुष्टि हुई। परिजन अपनी पुत्री के प्रेम संबंध से नाराज थे। बाद में नाबालिग के चार भाई (तीन चचेरे) और चचेरे बहनोई ने मिलकर उसकी हत्या की योजना तैयार की। चचेरे भाइयों और बहनोई ने लड़की की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को उपरलिटांड़ के पहाड़ पर एक पेड़ से लटका दिया था।

पुलिस ने नाबालिग लड़की के भाई गुड्डू कुमार उर्फ चंदन कुमार और बहनोई सुडु कुमार को गिरफ्तार किया है। सुडु बिहार के औरंगाबाद के ढिबरा का रहने वाला है। शुरुआत में इसे आत्महत्या बताया जा रहा था पर अनुसंधान के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।